परिसर को निशाना बनाने का जिक्र; SSP राजनेश सिंह के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन, साइबर टीम ई-मेल की डिजिटल ट्रेल खंगालने में जुटी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे परिसर की घेराबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी गई।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायिक व्यवस्था के केंद्र Chhattisgarh High Court को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। सुबह मिले एक संदिग्ध ई-मेल में हाईकोर्ट कैंपस को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Rajnesh Singh खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लिया गया। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर अतिरिक्त बल तैनात कर सख्त चेकिंग शुरू की गई। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की निगरानी की जा रही है।
पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने परिसर के अंदर और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पिछले कुछ महीनों में प्रदेश के कई जिला न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। करीब एक माह पहले सरगुजा, राजनांदगांव, धमतरी और जगदलपुर जिला अदालतों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। दो महीने पहले राजनांदगांव और बिलासपुर जिला न्यायालय को RDX से धमाका करने की धमकी मिली थी। हालांकि हर मामले में सर्च ऑपरेशन के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
साइबर जांच तेज
फिलहाल पुलिस की साइबर सेल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सर्वर डिटेल, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। जांच पूरी होने तक हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम जारी रहेंगे।