दुर्ग-भिलाई में खेले गए फाइनल मुकाबलों में 56 पदकों का हुआ वितरण, यूपी ने 8 और सीआरपीएफ ने 6 पदक जीते
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने दुर्ग-भिलाई में आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 पदक अपने नाम किए। रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के फाइनल मुकाबलों के बाद कुल 56 पदक वितरित किए गए।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग-भिलाई स्थित प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में चल रही 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का तीसरा दिन रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा। मंगलवार को रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों के बाद कुल 56 पदक विजेताओं को प्रदान किए गए।

राजेश कुकरेजा साहब ने बताया कि मेडल तालिका में आईटीबीपी ने 18 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया और अपनी बढ़त कायम रखी। उत्तर प्रदेश की टीम ने 8 पदक जीतकर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि सीआरपीएफ को 6 पदक मिले। राजस्थान और सीआईएसएफ ने 5-5 पदक अपने नाम किए। असम राइफल्स, बीएसएफ और एसएसबी को 4-4 पदक प्राप्त हुए। असम और महाराष्ट्र को 1-1 पदक से संतोष करना पड़ा।
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कई स्पर्धाएं अंतिम राउंड तक खिंचीं, जिससे दर्शकों में उत्साह बना रहा। निर्धारित नियमों के अनुसार विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए।
24 से 27 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों की 30 टीमों के करीब 450 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन अवसर पर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रतिभागी शामिल हुए। आयोजन के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहीं। प्रतियोगिता का संचालन समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न किया गया।