नेशनल हाईवे से फिसलकर सर्विस रोड पर पहुंचा वाहन, दमकल की तत्परता से समय रहते आग पर पाया गया काबू
दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारूद से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया और उसके केबिन में आग भड़क उठी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने जोखिम उठाते हुए आग बुझाई और संभावित विस्फोट को टाल दिया।
भिलाई। भिलाई के भिलाई-3 इलाके में गुरुवार सुबह करीब 2.20 बजे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। रायपुर की ओर जा रहा बारूद से लदा ट्रक (क्रमांक TS 05 UB 2355) नेशनल हाईवे से अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर उतर गया और वहां लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के केबिन में आग लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। हालात की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही पाया कि केबिन में आग तेजी से फैल रही है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, स्थिति बेहद संवेदनशील थी क्योंकि वाहन में बारूद भरा हुआ था। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा विस्फोट हो सकता था। दमकल टीम ने जोखिम उठाते हुए केबिन के भीतर पहुंचकर आग बुझाई और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
ट्रांसफार्मर से टकराव के कारण आसपास के क्षेत्र में भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से बड़ी अनहोनी टल गई। आग बुझाने के बाद ट्रक को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और पुलिस की मदद से भिलाई-3 थाने में खड़ा कराया गया। घटना की जांच जारी है।