सेक्टर-6 स्थित मंदिर का ताला तोड़कर घुसे 7 बदमाश; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, डॉग स्क्वॉड ने किया मौके का निरीक्षण
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात संगठित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। नकाब पहने करीब सात बदमाशों ने मंदिर के गार्ड को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और साईं बाबा की मूर्ति पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट व दान पेटी की नकदी लेकर फरार हो गए।
भिलाई। देर रात करीब सात नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में पहुंचे और मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। अंदर घुसते ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात गार्ड को दबोच लिया। गार्ड के हाथ-पैर बांध दिए गए, आंखों पर कपड़ा बांधा गया और उसके साथ मारपीट की गई। डंडों से हमला करने के बाद आरोपियों ने उसे कुर्सी से गिराकर पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। घायल गार्ड के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उसका उपचार कराया जा रहा है।
गार्ड को काबू में करने के बाद बदमाश सीधे गर्भगृह की ओर बढ़े। वहां दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी निकाल ली गई। साईं बाबा की प्रतिमा पर सजे सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी चुरा लिए गए। मंदिर परिसर में लगे कई अन्य तालों को भी तोड़ा गया। बड़ी छत्री को नुकसान पहुंचाया गया, हालांकि भारी होने के कारण आरोपी उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। डॉग स्क्वॉड की टीम ने परिसर का निरीक्षण किया।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे संदिग्धों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में सात बदमाशों की संलिप्तता सामने आई है, जो सभी नकाब पहने हुए थे।
जानकारी यह भी मिली है कि मंदिर के पीछे स्थित कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।