राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला; CBI की चार्जशीट पर उठे सवाल, सभी 23 आरोपियों को राहत
फैसले के बाद भावुक हुए केजरीवाल, बोले– “जिंदगी भर सिर्फ ईमानदारी कमाई”
नई दिल्ली (ए)। दिल्ली की कथित शराब नीति घोटाला मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal और पूर्व उपमुख्यमंत्री Manish Sisodia को CBI केस में बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि आरोप तय करने लायक पर्याप्त और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इस मामले में CBI ने 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने सभी आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया।
फैसले के बाद कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उन पर और उनकी पार्टी पर लगातार ‘शराब घोटाले’ के आरोप लगाए जाते रहे, लेकिन अब न्यायालय ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि “सत्य की जीत हुई है।”
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र” बताया। उनका आरोप था कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने के उद्देश्य से उसके शीर्ष नेताओं को जेल में डाला गया। उन्होंने कहा कि एक सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर छह महीने तक जेल में रखा गया और मनीष सिसोदिया को करीब दो वर्ष तक हिरासत में रहना पड़ा।
बयान के दौरान भावुक हुए केजरीवाल को मनीष सिसोदिया ने संभाला। इसके बाद उन्होंने कहा, “मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। आज यह साबित हो गया कि हम पर लगाए गए आरोप झूठे थे।” उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि सत्ता के लिए विपक्ष पर झूठे मुकदमे करने के बजाय महंगाई, बेरोजगारी और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर काम किया जाना चाहिए।
अदालत के इस फैसले को आम आदमी पार्टी ने बड़ी राहत बताया है, जबकि राजनीतिक हलकों में इसे लेकर नई बहस शुरू हो गई है।