- 64 कार, 65 बाइक और 25 मालवाहन वाहनों पर कार्रवाई
- 8 फिक्स पॉइंट पर नाकेबंदी, ब्रेथ एनालाइज़र से जांच
- लाइसेंस निलंबन की तैयारी, कोर्ट में पेश होंगे चालक
रायपुर। होली पर्व से पहले सड़क सुरक्षा को लेकर Raipur Police ने ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक चले विशेष ऑपरेशन में 154 वाहनों को जब्त किया गया। प्रमुख चौराहों और हाईवे पर की गई नाकेबंदी के दौरान ब्रेथ एनालाइज़र से जांच में कई चालक निर्धारित सीमा से अधिक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
8 जगहों पर सघन चेकिंग
अभियान के तहत शहर में 8 स्थानों पर फिक्स पॉइंट बनाकर चेकिंग की गई। एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार के निर्देश और डीसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने देर रात तक कार्रवाई जारी रखी।
इस दौरान 64 कार, 65 बाइक और 25 टाटा एस/ट्रक सहित कुल 154 वाहनों को जब्त किया गया। सभी वाहनों को ट्रैफिक कार्यालय लाया गया है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिन चालकों में अल्कोहल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों के चालकों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
त्योहारों में जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार और सप्ताहांत के दौरान इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद स्वयं वाहन न चलाएं। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।