मुख्यमंत्री साय करेंगे शिरकत, मैरी कॉम और बाइचुंग भूटिया बढ़ाएंगे कार्यक्रम की शोभा; तीन शहरों में 10 दिन तक चला आयोजन
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आज राजधानी रायपुर में भव्य समापन होने जा रहा है। इस मौके पर देश की खेल हस्तियों और कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी कार्यक्रम को खास बनाएगी।
रायपुर। राजधानी रायपुर आज खेल प्रतिभाओं के उत्सव का साक्षी बनेगा, जहां खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर चुकीं मुक्केबाज मैरी कॉम और पूर्व फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उनकी उपस्थिति युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।
प्रदेश में पहली बार आयोजित इस खेल महोत्सव की शुरुआत 25 मार्च को हुई थी। इसका आयोजन रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया गया, जिसमें देशभर के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 2000 जनजातीय खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।
समापन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन को जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसने प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी है।