फर्जी सरकारी सील और नकली ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
कॉल के जरिए युवकों को झांसा देकर की जा रही थी ठगी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मैट्रीमोनियल सेवा के नाम पर चल रहे ठगी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने दर्जन भर युवतियों को हिरासत में लिया और मौके से कई फर्जी दस्तावेज व सरकारी सील बरामद किए।
रायगढ़। रायगढ़ जिले में पुलिस ने संगठित तरीके से चल रहे एक फर्जी मैट्रीमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दरोगा पारा इलाके में लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने दरोगा पारा स्थित दो संस्थानों—शांति देवी सोसायटी एंड एजुकेशन और निधि जन सेवा केंद्र—में एक साथ छापा मारा। छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर में काम कर रही 18 से 22 वर्ष की दर्जन भर से अधिक युवतियां पाई गईं, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह मैरिज ब्यूरो के नाम पर युवकों का पंजीयन करता था और उन्हें शादी के लिए लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर फंसाता था। इसके बाद कॉल सेंटर की युवतियों से फोन करवाकर झूठी बातचीत के जरिए पैसे ऐंठे जाते थे।
पुलिस को मौके से कई सरकारी विभागों की फर्जी सील और बड़ी संख्या में नकली ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुए हैं। जांच में यह भी पाया गया कि लाइसेंस पर आरटीओ के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। पूरा नेटवर्क ग्राहक सेवा केंद्र की आड़ में संचालित किया जा रहा था और दो अलग-अलग संस्थानों के माध्यम से इस ठगी को अंजाम दिया जा रहा था।
हालांकि, संस्थान की संचालिका ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उन्हें केवल यूट्यूब वीडियो अपलोड करने का काम दिया गया था और कॉल सेंटर में हो रही गतिविधियों की जानकारी उन्हें नहीं थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस ठगी नेटवर्क के अन्य कड़ियों को भी उजागर किया जाएगा।