तटीय इलाकों में 3 मीटर तक लहरों की चेतावनी, बुलेट ट्रेन सेवाएं ठप; सरकार ने जारी किया अलर्ट
जापान में आए भीषण भूकंप ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को उजागर कर दिया है। तेज झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई, जिससे तटीय क्षेत्रों में व्यापक सतर्कता और निकासी अभियान शुरू कर दिया गया।
टोक्यो (ए)। जापान में सोमवार दोपहर आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने कई इलाकों में दहशत फैला दी। भारतीय समयानुसार दोपहर 1:23 बजे आए इस भूकंप का केंद्र समुद्र में तट से करीब 100 किलोमीटर दूर और 20 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
जापानी मौसम एजेंसी (JMA) ने भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की है और लोगों को संभावित बड़े झटकों के लिए तैयार रहने को कहा है। भूकंप के असर से इवाते प्रांत में करीब 3 फीट तक लहरें दर्ज की गईं, जबकि मियाको और हाचिनोहे में डेढ़ फीट तक समुद्री लहरें उठीं। इन इलाकों में पानी का स्तर लगातार बढ़ने की खबर है।
सुरक्षा के मद्देनजर देश की हाई-स्पीड शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। होक्काइडो, आओमोरी, इवाते, मियागी और फुकुशिमा प्रांतों के लगभग 1.7 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने मिलकर 182 नगर पालिकाओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। नागरिकों से कहा गया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें।
इस बीच प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हालात तेजी से बदल सकते हैं और प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भूकंप के बाद सरकार ने एक आपात टास्क फोर्स का गठन किया है, जो प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही है। जान-माल के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
रेल सेवाओं पर असर पड़ा है। तोहोकू शिंकानसेन को टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच रोका गया, जबकि यामागाता और अकिता लाइनें भी बंद कर दी गईं। इवाते में लोकल JR ट्रेन सेवाएं और होक्काइडो की कुछ रेल लाइनें भी प्रभावित हुई हैं। हालांकि शिन-चितोसे और सेंडाई एयरपोर्ट की सेवाएं सामान्य बनी हुई हैं। लगातार आ रहे झटकों और सुनामी के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।