क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन, छात्रों से संवाद और खेल प्रतिभाओं को देंगे मार्गदर्शन
बस्तर के दंतेवाड़ा में 22 अप्रैल को खेल और प्रेरणा का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जब क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर बच्चों के बीच पहुंचकर न सिर्फ संवाद करेंगे, बल्कि उनके साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट भी खेलेंगे।
जगदलपुर। सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर बच्चों और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगे और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेंगे।
अपने दौरे के दौरान तेंदुलकर गीदम स्थित ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों और शिक्षकों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पनेड़ा में निर्माणाधीन क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन करेंगे और बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलेंगे।
वे इंद्रावती नदी के तट पर बसे छिंदनार गांव का भी दौरा करेंगे, जहां विभिन्न शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में भाग लेंगे। जावंगा में आयोजित कार्यक्रम में भी वे छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।
इस दौरे की खास बात यह होगी कि तेंदुलकर केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बच्चों के साथ खेलते हुए उन्हें सीधे प्रेरित करेंगे। परिवार की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाएगी।
तेंदुलकर की संस्था द्वारा दंतेवाड़ा जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक काम किया जा रहा है। अब तक 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 25 से अधिक स्कूलों, आश्रमों और पोटाकेबिन में नियमित खेल गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
इन मैदानों को मल्टी-यूज स्पोर्ट्स ग्राउंड के रूप में विकसित किया गया है, जहां क्रिकेट के साथ अन्य खेलों की भी सुविधा उपलब्ध है। जिले के कई स्कूलों में इस दिशा में काम पूरा हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर निर्माण जारी है।
इसके अलावा स्थानीय शिक्षकों को मुंबई में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे बच्चों को पेशेवर स्तर की कोचिंग दे सकें। इस पहल से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को पहली बार संगठित और तकनीकी खेल प्रशिक्षण मिल रहा है।
गौरतलब है कि कभी नक्सल गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाला दंतेवाड़ा अब खेल और शिक्षा के जरिए अपनी नई पहचान बना रहा है। तेंदुलकर का यह दौरा इस बदलाव को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और खेल संगठनों को उम्मीद है कि इस पहल से क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और आने वाले समय में यहां से नए खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।