पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी परीक्षा, अभ्यर्थी वेबसाइट से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की समय-सारिणी जारी कर दी है। परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के पांच परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं और उन्हें निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए बताया है कि लिखित परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न निर्धारित परीक्षा केंद्रों में संपन्न कराई जाएगी।
आयोग के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जारी समय-सारिणी के मुताबिक 6 जून को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन-पत्र प्रथम एवं द्वितीय, 8 जून को सामान्य अध्ययन-पत्र तृतीय एवं चतुर्थ तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-पत्र पंचम की परीक्षा आयोजित होगी।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिए सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) और रायपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक, व्यक्तिगत सूचना अथवा एसएमएस के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय रहते वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी का सत्यापन कर लेना चाहिए।