रायगढ़ में देर रात झमाझम बारिश, प्रदेशभर में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है, लेकिन छत्तीसगढ़ को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रायगढ़ में देर रात हुई बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में प्रवेश कर लिया, जिससे देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून की औपचारिक दस्तक अभी बाकी है, लेकिन प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है। गुरुवार देर रात रायगढ़ में हुई तेज बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। रायपुर और राजनांदगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। छोटेडोंगर, मैनपाट और अंबिकापुर में 10-10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अगले 24 घंटे रहेगा असरदार मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज गर्जना, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम की यही स्थिति आगामी दो दिनों तक बनी रहने के संकेत हैं।
राजधानी में धूलभरी आंधी के साथ बारिश के संकेत
राजधानी रायपुर में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की आगे बढ़ने की रफ्तार और अनुकूल परिस्थितियों के आधार पर आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में भी मानसून की दस्तक का रास्ता साफ हो सकता है।