पूर्व उपसरपंच और सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता थे तारेंद्र बंछोर, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़े एक पूर्व जनप्रतिनिधि का शव मंदिर परिसर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पूर्व उपसरपंच और भाजपा कार्यकर्ता तारेंद्र बंछोर के रूप में हुई है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्ग जिले के सेलूद गांव निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50) का शव मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में मिलने से क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बन गया। तारेंद्र बंछोर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और स्थानीय राजनीति में उनकी पहचान प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के रूप में रही है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सुबह बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में उनका शव देखा, जिसके बाद तत्काल उतई पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक तारेंद्र बंछोर ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के निर्माण कार्य से भी उनका जुड़ाव रहा था।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत खराब होने पर उनका इलाज कराया गया था और स्वास्थ्य में सुधार के बाद वे घर लौट आए थे। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।