सीरीज पर पहले ही कब्जा कर चुकी भारतीय टीम की नजर 3-0 पर, बारिश बन सकती है मैच की चुनौती
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि अफगानिस्तान पहली जीत दर्ज कर सम्मान बचाने की कोशिश करेगा।
खेल डेस्क (ए)। भारतीय टीम शानदार फॉर्म के साथ तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में उतरने जा रही है। दो मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर टीम इंडिया पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है। अब कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम की नजर अफगानिस्तान का पूरी तरह सफाया करने पर होगी।
हालांकि, मुकाबले पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार चेन्नई में शनिवार को करीब 55 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मैच प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
भारत के बल्लेबाज इस सीरीज में शानदार लय में दिखाई दिए हैं। ईशान किशन ने दूसरे वनडे में 79 गेंदों पर 125 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी वापसी का दम दिखाया। कप्तान शुभमन गिल भी बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने पहले मुकाबले में नाबाद 84 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में 154 रन की बड़ी पारी खेली थी। वहीं रोहित शर्मा ने भी तेजतर्रार अंदाज में रन बटोरे हैं।
गेंदबाजी में इस सीरीज में डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और सबसे ज्यादा विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर अफगानिस्तान की उम्मीदें रहमानुल्लाह गुरबाज पर टिकी रहेंगी, जिन्होंने दो मैचों में सर्वाधिक रन बनाए हैं।
चेपॉक की पिच पर स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी कुछ अतिरिक्त उछाल मिल सकता है। इस मैदान पर अब तक 28 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड थोड़ा बेहतर रहा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम जीत की हैट्रिक के साथ सीरीज खत्म करती है या अफगानिस्तान इतिहास रचते हुए अपनी पहली जीत दर्ज कर पाता है।