मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ, खेल और पर्यावरण संरक्षण का दिखेगा अनूठा संगम
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर छत्तीसगढ़ से खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश देशभर में गूंजेगा। खिलाड़ियों की ऊर्जा और प्रकृति संरक्षण के संकल्प को एक साथ जोड़ते हुए राज्य में 2036 पौधों के विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की जाएगी।
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खेल और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीएसएफ कैंप, नया रायपुर स्थित ग्राम पलौद में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन हरित विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों, खेल संगठनों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
भारतीय ओलंपिक संघ के आह्वान पर इस वर्ष छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर 2036 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान सिर्फ पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य की दिशा में एक मजबूत संदेश भी देगा।
इस आयोजन के माध्यम से युवा खिलाड़ियों और आम लोगों को खेलों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता को संरक्षित करने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ का मानना है कि मुख्यमंत्री की सहभागिता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और समाज में पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
राज्य सरकार लगातार पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को प्राथमिकता देते हुए जनभागीदारी आधारित योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम ‘हरित छत्तीसगढ़-हरित भारत’ के संकल्प को और मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।