बिहान से जुड़ी महिलाओं को मिला विशेष प्रशिक्षण, हर घर तक पहुंचेगा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अब सिर्फ बिजली बचत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया माध्यम भी बनेगी। छत्तीसगढ़ में बिहान से जुड़ी महिलाओं को ‘सोलर दीदी’ के रूप में तैयार कर योजना के विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्युत सखी दीदियों को नई भूमिका देते हुए ‘सोलर दीदी’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में अब बिहान से जुड़ी महिलाएं गांव-गांव पहुंचकर योजना का प्रचार-प्रसार करेंगी और पात्र परिवारों को इससे जोड़ने का काम करेंगी। इस पहल से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। प्रत्येक सफल सोलर इंस्टॉलेशन पर उन्हें प्रोत्साहन राशि अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को योजना की संपूर्ण प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन, पात्रता शर्तों और हितग्राहियों के चयन संबंधी जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही उन्हें ऐसे परिवारों की पहचान करने के लिए प्रेरित किया गया, जिनका मासिक बिजली बिल 2 हजार रुपये से अधिक है या जिनकी बिजली खपत लगभग 300 यूनिट तक है।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और लखपति दीदी अभियान को गति देने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी। सोलर दीदियां योजना की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रेरित करेंगी।
इस अवसर पर अपर परियोजना अधिकारी जिला पंचायत सरगुजा मिथलेश पैकरा, विद्युत विभाग की सहायक अभियंता रश्मि तिर्की, जिला मिशन प्रबंधक नीरज नामदेव, जिला परियोजना प्रबंधक सुभाष मिश्रा, देवेन्द्र सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बिहान से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।