कैश देने पर खाते में 10 लाख ट्रांसफर करने का दिया भरोसा; कार से सूटकेस गायब होने के बाद खुला मामला, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी रायपुर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीएसपी को रकम दोगुनी करने का लालच देकर 5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर वकील नरेश दामोहे समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक डीएसपी से कथित रूप से ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता पुनदास अंचल पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी पहचान पिछले करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी, जो खुद को वकील और फाइनेंस कारोबार से जुड़ा बताता था।
आरोप है कि इसी पहचान और विश्वास का फायदा उठाकर नरेश दामोहे ने रुपये दोगुने करने का लालच दिया। उसने डीएसपी को भरोसा दिलाया कि 5 लाख रुपये नकद देने पर वह बैंक खाते में 10 लाख रुपये जमा करा देगा।
शिकायत के मुताबिक 25 जून को आरोपी ने फोन कर डीएसपी को कमल विहार स्थित एक अस्पताल के पास बुलाया। डीएसपी वहां नकदी लेकर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने किसी कारण का हवाला देते हुए स्थान बदल दिया और उन्हें अभनपुर रोड बुला लिया। वहां भी बात पूरी नहीं होने के बाद रात में मिलने की बात कही गई।
कार में रखे सूटकेस से गायब हुए 5 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार रात करीब 9 बजे आरोपी ने डीएसपी को नेताजी चौक, कटोरा तालाब बुलाया। वहां नरेश दामोहे अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और तीनों डीएसपी की कार में बैठकर इलेवन ग्राउंड पहुंचे।
इसी दौरान आरोपी के बुलाने पर कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे और आपस में विवाद करने लगे। डीएसपी ने बताया कि उन्होंने कार में बैठे आरोपियों को जानकारी दी थी कि सूटकेस में 5 लाख रुपये रखे हैं और वे बाहर जाकर विवाद की स्थिति देख रहे हैं।
विवाद बढ़ता देख डीएसपी वहां से हट गए। कुछ देर बाद जब वे वापस कार के पास पहुंचे तो कार वहीं खड़ी मिली। कार में रखा मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान सुरक्षित था, लेकिन सूटकेस से 5 लाख रुपये गायब थे।
डीएसपी ने आरोप लगाया कि मौका देखकर नरेश दामोहे और उसके साथियों ने सूटकेस से रकम निकाल ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक यमन देवांगन ने डीएसपी पुनदास अंचल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।