मानसून की रफ्तार तेज, छत्तीसगढ़ के 80 फीसदी हिस्से में पहुंचा; बिजली गिरने और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार शाम राजधानी रायपुर में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश ने लोगों को उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों में मानसून के पूरे प्रदेश में फैल जाने के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 80 फीसदी हिस्से में मानसून पहुंच चुका है और अब शेष क्षेत्रों में भी जल्द दस्तक देने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। रायपुर के फुंडहर चौक सहित कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। गरज-चमक के साथ बारिश होने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने और मौसम में बदलाव बने रहने के आसार हैं।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में बिलासपुर में सबसे अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
18 से ज्यादा जिलों में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अब तक प्रदेश के 18 से अधिक जिलों में सक्रिय हो चुका है। इनमें रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर शामिल हैं।
इन जिलों में जल्द पहुंचेगा मानसून
प्रदेश के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ जिलों में मानसून की एंट्री अभी बाकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में इन क्षेत्रों में भी मानसून पहुंच सकता है।
हालांकि इन इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बारिश हो रही है, लेकिन मौसम विभाग ने अभी तक यहां आधिकारिक रूप से मानसून पहुंचने की घोषणा नहीं की है।