भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूती और राजनीतिक रणनीति के दिए मंत्र, जमीनी सक्रियता पर दिया जोर
कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद के तहत चल रहा जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। दस दिवसीय इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल होंगे। वहीं प्रशिक्षण के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन संचालन और राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
रायपुर। राजधानी के समीप अभनपुर में आयोजित कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक सक्रियता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और उसका उपयोग जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की भूमिका केवल संगठन संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी मुखरता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने नेताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर आक्रामक और प्रभावी तरीके से कार्य करने की सलाह दी।
अपने संबोधन के दौरान भूपेश बघेल ने कांग्रेस की विचारधारा, पार्टी के ऐतिहासिक योगदान और राज्य में कांग्रेस सरकार के पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान लागू प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने देश के विकास में कांग्रेस की भूमिका और योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने भी अलग-अलग विषयों पर सत्र लिए। दोनों नेताओं ने आदिवासी अधिकारों, अल्पसंख्यक कल्याण और जल, जंगल तथा जमीन से जुड़े मुद्दों पर जिला अध्यक्षों को जानकारी दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के सभी सत्रों में सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार दोनों वरिष्ठ नेता शिविर स्थल पर रात्रि विश्राम कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों की लगातार निगरानी भी कर रहे हैं।
राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, व्यवस्था समिति के सदस्यों और सेवादल के स्वयंसेवकों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के नौवें दिन जिला अध्यक्षों को लखना गांव ले जाया जाएगा, जहां वे श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद 29 जून को प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक समापन होगा, जिसमें पवन खेड़ा की मौजूदगी रहेगी।