विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार पर दबाव, एशियाई बाजारों के मिश्रित संकेतों के बीच निवेशकों में सतर्कता
सप्ताह की शुरुआत घरेलू शेयर बाजार के लिए दबावभरी रही। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ कारोबार करते दिखाई दिए। विशेष रूप से IT और ऑटो सेक्टर के शेयरों में अधिक बिकवाली का असर बाजार पर स्पष्ट नजर आया।
नई दिल्ली (ए)। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी का माहौल देखने को मिला। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स लगभग 200 अंक तक फिसलकर 76,550 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि निफ्टी भी करीब 50 अंक की कमजोरी के साथ 23,900 के स्तर के आसपास बना रहा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निवेशकों के सतर्क रुख और विदेशी निवेशकों की निरंतर बिकवाली ने बाजार की चाल पर दबाव बनाया है। कारोबार के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली देखी गई, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए, जबकि हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में कमजोरी दर्ज की गई। दूसरी ओर अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान मजबूती रही थी, जहां डाउ जोन्स, नैस्डैक और एसएंडपी 500 ने बढ़त दर्ज की थी।
बाजार आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) पिछले सात कारोबारी दिनों में करीब 2,810 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने खरीदारी जारी रखते हुए बाजार को कुछ सहारा देने का प्रयास किया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में भी बाजार दबाव में रहा था। सेंसेक्स 372 अंक की गिरावट के साथ 76,728 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 110 अंक टूटकर 23,946 के स्तर पर बंद हुआ था।