अब 12 जुलाई तक किए जा सकेंगे आवेदन, निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगी निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी और प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर देने के उद्देश्य से संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र विद्यार्थी 12 जुलाई 2026 तक योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 12 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
यह योजना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
योजना के तहत विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाओं का खर्च मंडल द्वारा वहन किया जाएगा। इसमें स्कूल फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। मंडल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने पात्र बच्चों का आवेदन निर्धारित तिथि के भीतर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से जमा करें।
इच्छुक अभ्यर्थी श्रम विभाग पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, श्रमेव जयते ऐप और पोर्टल के जरिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।