छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने शिक्षा विभाग से प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्कूलों का समय एक करने की मांग की, कहा- अलग-अलग समय से शिक्षण और कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों की अलग-अलग समय-सारिणी को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग से बदलाव की मांग की है। फेडरेशन ने शिक्षा सचिव को पत्र भेजकर प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक सभी सरकारी स्कूलों की टाइमिंग एक समान करने तथा शनिवार को हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी मॉर्निंग शिफ्ट लागू करने का आग्रह किया है।
रायपुर। प्रदेश में सरकारी स्कूलों के संचालन समय को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर सभी स्तर के सरकारी विद्यालयों की समय-सारिणी एक समान करने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्कूलों के अलग-अलग समय के कारण शिक्षण कार्य के साथ प्रशासनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
फेडरेशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) और संकुल व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकांश प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का संचालन हायर सेकेंडरी स्कूलों से जुड़ गया है। ऐसे में अलग-अलग समय पर स्कूल संचालित होने से समन्वय बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में कहा गया है कि प्राचार्य, शिक्षक और कर्मचारी नियमित शिक्षण कार्य के अलावा विभिन्न शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन, ऑनलाइन डाटा एंट्री, परीक्षा संबंधी कार्य, वित्तीय एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियां तथा संकुल स्तरीय बैठकों में भी भाग लेते हैं। अलग-अलग समय-सारिणी के कारण इन सभी कार्यों का सुचारु संचालन प्रभावित हो रहा है।
फेडरेशन ने सुझाव दिया है कि शनिवार को हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन भी मॉर्निंग शिफ्ट में किया जाए। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, वहीं शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को बैठकें आयोजित करने, आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने, प्रशासनिक कार्य निपटाने और आगामी सप्ताह की शैक्षणिक योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
फेडरेशन ने शिक्षा सचिव से मांग की है कि प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए एक समान समय-सारिणी लागू करने तथा शनिवार को हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी सुबह की पाली संचालित करने संबंधी आवश्यक आदेश जल्द जारी किए जाएं।