तीन महीने पहले काम से हटाए जाने की रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग; बाइक, हथियार और कपड़े जब्त।
दुर्ग-भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती से चाकू की नोक पर हुई लूट की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का पूर्व केयरटेकर था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर ली है।
दुर्ग। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में रिटायर्ड भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) कर्मी और उनकी पत्नी से घर में घुसकर लूट करने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया, निवासी मंडला (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले पीड़ित दंपती के यहां केयरटेकर के रूप में काम करता था। करीब तीन महीने पहले उसे हटाकर उसकी जगह दूसरे व्यक्ति को रख लिया गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
घटना के दिन आरोपी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढंककर घर में प्रवेश किया। उसने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर डराया और महिला के गले से सोने का नेकलेस छीनकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसने जांच में अहम भूमिका निभाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।