मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस ने की घेराबंदी, 56 स्ट्रिप अल्प्राजोलम, तीन मोबाइल और नकदी बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू।
दुर्ग जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बेच रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री से मिली नकदी जब्त की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और दवा की सप्लाई के स्रोत की पड़ताल में जुटी है।
दुर्ग-भिलाई। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की बिक्री कर रहे तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 840 अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन मोबाइल फोन तथा बिक्री से प्राप्त 1600 रुपए नकद बरामद किए गए। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई की सुबह करीब 10:10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे कुछ युवक प्रतिबंधित नशीली दवा की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास मौजूद काले रंग के बैग से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 56 स्ट्रिप बरामद हुईं, जिनमें कुल 840 टैबलेट थीं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और नशीली दवा की बिक्री से प्राप्त 1600 रुपए नकद भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अमन रक्सेल (23 वर्ष), अमर साहू (24 वर्ष) और पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक प्रतिबंधित दवा की इतनी बड़ी खेप कहां से पहुंची और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। मामले में सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।