राजनांदगांव के बरगा और आलीवारा ओवरब्रिज में सामने आईं गंभीर खामियां, कोरबा में करोड़ों की पुलिया भी तेज बहाव में टूटी; तकनीकी जांच के निर्देश
छत्तीसगढ़ में पहली ही बारिश ने करोड़ों रुपए की लागत से बने नए पुल-पुलियों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनांदगांव में 22 करोड़ रुपए की लागत से तैयार बरगा रेलवे ओवरब्रिज लोकार्पण के महज 15 दिन बाद ही बीच से चटक गया, जबकि आलीवारा ओवरब्रिज भी क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, कोरबा जिले में जोगीनाला पर बनी पुलिया का एक हिस्सा तेज बहाव में बह गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।
राजनांदगांव/कोरबा। प्रदेश में मानसून की पहली तेज बारिश ने हाल ही में बने करोड़ों रुपए के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनांदगांव जिले के बरगा रेलवे ओवरब्रिज में लोकार्पण के महज 15 दिन बाद ही करीब 60 से 70 फीट लंबी और 10 से 12 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें उभर आईं, जिससे पुल दो हिस्सों में बंटा नजर आने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
बरगा और आलीवारा के बीच करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित दोनों रेलवे ओवरब्रिज जून माह में आम जनता के लिए खोले गए थे। लेकिन पहली ही बारिश में बरगा ओवरब्रिज में बड़ी दरारें आने के साथ-साथ आलीवारा ओवरब्रिज पर भी सड़क का हिस्सा बह गया, किनारों की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कई स्थानों पर आधार मिट्टी धंस गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित हिस्सों में बैरिकेडिंग कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई या फिर ओवरब्रिज की नींव और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद संबंधित अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं, रेलवे के सहायक अभियंता मिथिलेश कुमार ने बताया कि तकनीकी टीम को निरीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा में भी पहली बारिश में टूटी पुलिया
उधर, कोरबा जिले के भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला पर करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित पुलिया भी तेज बारिश का दबाव नहीं झेल सकी। तेज बहाव में पुलिया का एक हिस्सा बह गया, जिससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए और आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।