सूरत में 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, स्कूल-कॉलेज बंद; गुरुग्राम में NH-48 धंसने से 10 किमी लंबा जाम
देशभर में सक्रिय मानसून अब आफत बनता नजर आ रहा है। गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और हादसों की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई शहरों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
भोपाल (ए)। देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय मानसून ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुजरात के सूरत में महज 36 घंटे में 18 इंच बारिश दर्ज होने के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। सड़कों पर बाढ़ जैसा दृश्य देखने को मिला, कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए और प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से करीब 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हालात को देखते हुए सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं तथा लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
उधर हरियाणा के गुरुग्राम में लगातार बारिश से कई इलाकों में दो-दो फीट तक पानी भर गया। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) का एक हिस्सा धंसने से करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जलभराव के बीच एक स्कूल बस भी नाले में फंस गई। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर पुलिस ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को कुछ दिनों तक वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का आग्रह किया है।
राजस्थान में भी बारिश ने कहर बरपाया। जालोर में उफनती नदी पार करते समय एक जीप पलट गई, जबकि चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
वहीं मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम लगातार बारिश के बीच पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।
पूर्वोत्तर में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से 94 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक चार लोगों की मौत, 21 लोग घायल और दो महिलाएं लापता बताई गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब देश के करीब 95 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।