बिजली सिस्टम में खराबी से आग लगने की आशंका, 63 घायल; धुएं से बचने के लिए टॉयलेट में छिपे कई लोगों की दम घुटने से गई जान
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक लोकप्रिय पब में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली प्रणाली में खराबी मानी जा रही है। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक पूरा परिसर आग और धुएं की चपेट में आ चुका था।
बैंकॉक (ए)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चातुचक जिले स्थित एक लोकप्रिय पब में रविवार देर रात भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती आशंका बिजली प्रणाली में खराबी की जताई गई है।
फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक इमारत का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था और अंदर मौजूद कई लोग धुएं में फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरा पब धुएं और आग की चपेट में आ गया। भगदड़ के दौरान कई लोग पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में जाकर छिप गए, लेकिन धुएं के कारण उनका दम घुट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं तथा फॉरेंसिक टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह तबाह नजर आया। फर्नीचर, दीवारें और छत जलकर काली पड़ चुकी थीं, जबकि बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे दिखाई दिए। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने आशंका जताई कि छत पर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैली। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी एग्जिट के पास कई लोग बेहोश मिले, जिससे यह संदेह भी पैदा हुआ है कि बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई। एक मोटरसाइकिल चालक ने पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके शरीर पर लगी आग बुझाई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने लोगों को बचाने के लिए पब की खिड़कियां तोड़ दीं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे थाईलैंड को झकझोर कर रख दिया है।