ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली हावी, कच्चा तेल 85 डॉलर के करीब; आज से SBI फंड्स मैनेजमेंट और अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड के IPO खुले
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार दबाव में नजर आया। सेंसेक्स करीब 300 अंक और निफ्टी 100 अंक से अधिक टूटकर कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर, निवेशकों के लिए आज से दो नए आईपीओ में निवेश का अवसर भी खुल गया है।
मुंबई (ए)। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 300 अंक लुढ़ककर 77,300 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 100 अंकों से अधिक की कमजोरी के साथ 24,100 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया। बाजार में सबसे अधिक दबाव ऑटोमोबाइल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है। इसके चलते अधिकांश सेक्टरों में मुनाफावसूली देखने को मिली।
कच्चे तेल में फिर तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब दो प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड एक बार फिर 85 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। इसकी प्रमुख वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया बयान के बाद ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है, जिसका असर वैश्विक वित्तीय बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है।
दो नए IPO में आज से निवेश का अवसर
प्राथमिक बाजार में निवेशकों के लिए सोमवार से दो नए आईपीओ खुल गए हैं। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट अपने आईपीओ के जरिए लगभग 9,813 करोड़ रुपये जुटाने की योजना लेकर आया है। वहीं अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड फ्रेश इश्यू के माध्यम से 126.25 करोड़ रुपये जुटाएगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अस्थिर शेयर बाजार के बीच निवेशकों की नजर इन सार्वजनिक निर्गमों के प्रदर्शन पर भी रहेगी।