निफ्टी भी 24,200 के करीब कमजोर, अमेरिकी बाजारों की सुस्ती का असर; SBI फंड्स मैनेजमेंट की दमदार लिस्टिंग से निवेशकों को राहत
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार कमजोर वैश्विक संकेतों और बैंकिंग व आईटी शेयरों में बिकवाली के दबाव में लाल निशान पर कारोबार करता नजर आया। सेंसेक्स करीब 200 अंक टूटकर 77,500 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी करीब 50 अंक फिसलकर 24,200 के आसपास कारोबार करता रहा। हालांकि, SBI फंड्स मैनेजमेंट के शेयर की मजबूत लिस्टिंग ने प्राथमिक बाजार के निवेशकों का उत्साह बढ़ाया।
मुंबई (ए)। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 200 अंक गिरकर 77,500 के स्तर पर कारोबार करता रहा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी लगभग 50 अंक की गिरावट के साथ 24,200 के करीब पहुंच गया। बाजार पर सबसे अधिक दबाव बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में रही बिकवाली का दिखाई दिया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी बाजारों में आई कमजोरी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की खरीदारी बाजार को कुछ हद तक सहारा दे रही है।
प्राथमिक बाजार से एक सकारात्मक खबर भी सामने आई। SBI फंड्स मैनेजमेंट का शेयर अपने 574 रुपए के आईपीओ मूल्य के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुआ। एनएसई पर शेयर 613.30 रुपए और बीएसई पर 610 रुपए पर खुला, जिससे आईपीओ निवेशकों को पहले ही दिन अच्छा मुनाफा मिला।
एशियाई बाजारों में कारोबार मिला-जुला रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई बढ़त के साथ कारोबार करते रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग हल्की गिरावट में रहा। वहीं, शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स, नैस्डैक और एसएंडपी 500 तीनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए थे।
विदेशी और घरेलू निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले सात दिनों में डीआईआई ने 6,021 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की है, जबकि एफआईआई ने इसी अवधि में 6,439 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की है। पिछले 30 दिनों में भी विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला जारी रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार दबाव में बंद हुआ था। सेंसेक्स 443 अंक टूटकर 77,709 पर और निफ्टी 96 अंक की गिरावट के साथ 24,239 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों, कंपनियों के तिमाही नतीजों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर अगले कुछ कारोबारी सत्रों में निवेशकों की नजर बनी रहेगी।