शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का आदेश; क्रिकेटर ने सभी आरोपों को बताया निराधार
दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में घिर गए हैं। कोलकाता हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। महिला की शिकायत में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, निजी वीडियो रिकॉर्ड करने और बाद में धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि क्रिकेटर ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
स्पोर्ट्स डेस्क (ए)। आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले में कोलकाता हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और उसके मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
अदालत ने कहा कि जांच के दौरान एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें महत्वपूर्ण डिजिटल सामग्री होने की आशंका है। ऐसे में आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करना आवश्यक है, ताकि कथित निजी फोटो और वीडियो के किसी भी संभावित दुरुपयोग या प्रसार को रोका जा सके।
महिला की शिकायत के अनुसार उसकी अभिषेक पोरेल से जनवरी 2023 में पहचान हुई थी। आरोप है कि क्रिकेटर ने शादी का वादा कर अपने मंकुंडू स्थित फ्लैट पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी के अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसे अवैध रूप से रोके रखा गया, भोजन नहीं दिया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई एक कथित घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उसे तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी। शिकायत में फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से धमकाने के आरोप भी शामिल हैं।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अदालत ने जांच एजेंसी को कार्रवाई तेज करने और सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी ने चार करोड़ रुपए में रिटेन किया था। आईपीएल 2026 में उन्होंने चार मैचों में 108 रन बनाए थे।
वहीं, अभिषेक पोरेल पहले ही अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि यदि उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है तो उसमें लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। यह मामला 23 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के मोगरा पुलिस थाने में दर्ज किया गया था।