रायपुर के बूढ़ा तालाब में शाम 4 बजे मुख्य आयोजन, पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उठेगी मांग
सोनम वांगचुक के समर्थन और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) मंगलवार को छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करेगी। पार्टी का कहना है कि यह कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण का माध्यम बनेगा।
रायपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोनम वांगचुक के समर्थन में मंगलवार को प्रदेशभर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करने का निर्णय लिया है। पार्टी के अनुसार, राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित होगा। राजधानी रायपुर में मुख्य आयोजन शाम 4 बजे बूढ़ा तालाब परिसर में होगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता, छात्र, युवा और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
पार्टी का कहना है कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश में शांति, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का सामूहिक संकल्प है। इसके माध्यम से सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज बुलंद करने के साथ-साथ युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका पार्टी विरोध करती है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और कथित परीक्षा घोटालों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। नेताओं का आरोप है कि लगातार हो रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी आधार पर पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई है।