तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से पुलिस पहुंची आरोपियों तक, पूछताछ में एक साल पुराने मंदिर चोरी के मामले सहित तीन वारदातों का खुलासा
जिले के दो महामाया मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एक वर्ष पुराने मंदिर चोरी के मामले के साथ कबीरधाम जिले में हुई वारदात में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
मुंगेली। जिले में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने थाना लालपुर क्षेत्र के कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मंदिर चोरी के मामलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी माधुरी धिरही तथा डीएसपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। इसी दौरान कंतेली मंदिर चोरी मामले के संदेही अश्वनी आहिरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने वर्ष 2025 में कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में हुई चोरी के साथ कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में हुई वारदात में भी शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही अन्य प्रकरण में जेल में निरुद्ध हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी के जेवर अपने घर में छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से सोने और चांदी के धार्मिक आभूषण जब्त कर लिए।
बरामद सामान में चांदी के मुकुट, करधन, रुपया माला, ढार, चांदी के टुकड़े, सोने की पत्तियां तथा अन्य पूजन सामग्री शामिल है। जब्त किए गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने अश्वनी आहिरे निवासी नगपुरा (जिला बेमेतरा) तथा चंपाबाई गोस्वामी निवासी जमकोर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।