25 जुलाई को वीर चक्र विजेता शहीद कौशल यादव को नमन, 26 जुलाई को शहीद परिवारों और कारगिल वीरों का होगा सम्मान
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राजधानी में 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिला इकाई द्वारा आयोजित इस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बाइक रैली, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिला इकाई द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करना, पूर्व सैनिकों का सम्मान करना तथा नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक स्थित वीर चक्र विजेता शहीद कौशल यादव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर और बोरिया खुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल तक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली में पूर्व सैनिक, युवा, सामाजिक संगठन और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
मुख्य समारोह 26 जुलाई को मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल स्थित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा शहीद परिवारों और कारगिल योद्धाओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरक कविता पाठ और राष्ट्रसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से दोनों दिन आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि देने तथा राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।