निफ्टी 23,650 के नीचे फिसला, ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के पार; एशियाई और अमेरिकी बाजारों की कमजोरी का भी असर
मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। कारोबार की शुरुआत में ही सेंसेक्स 700 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 23,650 के नीचे आ गया। वैश्विक बाजारों में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।
मुंबई (ए)। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 700 अंक लुढ़ककर 75,613 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 200 अंक टूटकर 23,646 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। सबसे अधिक दबाव ऑटो, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों पर रहा।
100 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती हैं। इसका सीधा असर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई पर पड़ने की आशंका है।
एशियाई बाजारों में भी बिकवाली हावी
भारतीय बाजार पर एशियाई बाजारों की कमजोरी का भी असर देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग सभी प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में भी डाउ जोन्स, नैस्डैक और एसएंडपी 500 लाल निशान में बंद हुए थे।
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली
बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने पिछले सात कारोबारी दिनों में 3,289 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) लगातार खरीदारी कर बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे हैं।
गुरुवार को भी रही थी कमजोरी
इससे पहले गुरुवार को भी शेयर बाजार दबाव में रहा था। सेंसेक्स 364 अंक गिरकर 76,391 और निफ्टी 127 अंक टूटकर 23,870 पर बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन आई गिरावट से निवेशकों की सतर्कता और बढ़ गई है।