हार्डवेयर दुकान से उठीं लपटें, बारिश के बीच 13 दमकल वाहनों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। ऑक्टोपस बार के समीप स्थित एक हार्डवेयर दुकान में रात करीब एक बजे आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बारिश के बावजूद आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर तैनात करनी पड़ीं। कई घंटे के प्रयास के बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लपटें तेजी से फैलीं और ऑक्टोपस बार सहित आसपास के तीन अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच गईं। घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियां भी जलकर खाक
जिस दुकान से आग भड़की उसके सामने खड़े कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए। तेज लपटों के कारण वाहनों को बचाने का मौका नहीं मिल पाया और वे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
सूचना मिलते ही दौड़े व्यापारी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और व्यवसायी मौके पर पहुंच गए। भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब एक बजे आग लगने की सूचना मिली। वे तुरंत दुकान पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर चुका था।
होटल में ठहरे लोगों ने भागकर बचाई जान
आग पास के एक होटल तक भी पहुंच गई, जिससे वहां ठहरे लोगों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होटल में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन अधिकांश लोग अपना सामान नहीं निकाल सके।
नुकसान का आकलन और जांच शुरू
दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का प्रारंभिक आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।