लोकसभा अध्यक्ष को शिकायत भेजकर अधिकारियों पर जानकारी छिपाने, फोन नहीं उठाने और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता बरतने के आरोप; राज्य शासन से मांगा गया जवाब
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम और भिलाई-चरोदा नगर निगम के दो पूर्व आयुक्तों के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और डीएस राजपूत पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा, सूचना उपलब्ध नहीं कराने और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए लोकसभा सचिवालय ने राज्य शासन से जवाब तलब किया है।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि शिकायत किसी एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों अधिकारियों के लंबे समय से चले आ रहे कार्य व्यवहार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित है। उनका आरोप है कि अधिकारी न तो जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल का जवाब देते थे और न ही जनहित तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े मामलों में मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराते थे।
बघेल ने आरोप लगाया कि नगर निगमों में कई विकास कार्य निर्धारित टेंडर प्रक्रिया पूरी किए बिना प्रारंभ कर दिए गए और बाद में उनका भुगतान भी कर दिया गया। इसके बाद औपचारिक रूप से टेंडर जारी करने और प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की गई। जब इन मामलों से संबंधित दस्तावेज और जानकारी मांगी गई, तब अधिकारियों ने सहयोग नहीं किया।
सांसद के अनुसार स्वच्छ भारत अभियान, 15वें वित्त आयोग की राशि और अन्य केंद्रीय योजनाओं से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। कई मामलों में टेंडर जारी होने के बाद उन्हें निरस्त कर पुनः प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन इन निर्णयों के कारणों की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद और अधिकारों को लेकर विवाद के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष को सौंपते हुए फोन पर कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।