अगस्त-सितंबर में होने थे 3 वनडे और 3 टी-20; BCCI-BCB के बीच बातचीत जारी, तमिम इकबाल बोले- दोनों पक्षों की मंशा सकारात्मक
ढाका (डेस्क) खेल। भारत और बांग्लादेश के बीच टली क्रिकेट सीरीज को दोबारा कराने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमिम इकबाल ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और BCB सीरीज के लिए नई तारीख पर लगातार चर्चा कर रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अगस्त-सितंबर में तीन वनडे और तीन टी-20 मुकाबले प्रस्तावित थे, लेकिन फिलहाल इन्हें स्थगित कर दिया गया है।
तमिम ने रविवार को यूट्यूब चैनल ‘नॉट आउट नोमान’ से बातचीत में कहा कि सीरीज रद्द नहीं हुई है। दोनों बोर्ड इसे कराने को लेकर गंभीर हैं और संभावित तारीखों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का क्रिकेट कार्यक्रम पहले से काफी व्यस्त है, इसलिए ऐसी तारीख तलाशना चुनौती है जिस पर दोनों टीमों के लिए सीरीज आयोजित हो सके।
तारीख को लेकर चल रही बातचीत
तमिम इकबाल के मुताबिक दोनों बोर्ड के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एक संभावित तारीख को लेकर भी विचार किया जा रहा है और आने वाले समय में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
उन्होंने कहा कि अगर बातचीत को लेकर मंशा नकारात्मक होती तो वह उम्मीद की बात नहीं करते। दोनों पक्ष सीरीज कराने के विकल्प तलाश रहे हैं और तारीखों को लेकर काम चल रहा है।
पहले भी टल चुका है भारत का बांग्लादेश दौरा
भारत का बांग्लादेश दौरा पहले 2024 में प्रस्तावित था। उस समय बांग्लादेश में सरकार विरोधी आंदोलन और राजनीतिक बदलाव के कारण परिस्थितियां बिगड़ गई थीं। इसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच भी कुछ मुद्दों को लेकर तनाव की स्थिति बनी और सीरीज आगे बढ़ा दी गई।
सीरीज को लेकर सुरक्षा भी एक अहम मुद्दा रहा है। तमिम इकबाल ने बांग्लादेश सरकार से भारत के साथ बातचीत कर टीम इंडिया की सुरक्षा को लेकर भरोसा कायम करने की अपील की है।
राजनीतिक रिश्तों का भी असर
भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के दिनों में राजनयिक स्तर पर संपर्क बढ़ने की खबरें भी सामने आई हैं। भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत में होने वाले BRICS सम्मेलन में आमंत्रित किए जाने और दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत के बाद रिश्तों में सुधार की संभावना जताई जा रही है।
क्रिकेट सीरीज का भविष्य भी दोनों देशों के राजनीतिक और सुरक्षा हालात से जुड़ा माना जा रहा है। अगर परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं तो दोनों टीमों के बीच सीरीज के आयोजन का रास्ता साफ हो सकता है।
मुस्तफिजुर प्रकरण के बाद बढ़ा था तनाव
IPL 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को अलग किए जाने के बाद दोनों क्रिकेट बोर्ड के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। इसके बाद BCB ने टी-20 विश्व कप में अपनी टीम भेजने को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया था। टूर्नामेंट का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुआ था।