EPFO ने डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ाया; UAN एक्टिवेशन के साथ पासबुक, KYC और क्लेम स्टेटस की सुविधा भी
EPFO खाताधारकों के लिए अब UAN बनाने और एक्टिवेट करने की प्रक्रिया और आसान हो गई है। कर्मचारी घर बैठे उमंग ऐप के जरिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से नया UAN जनरेट कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर पर OTP वेरिफिकेशन के बाद चेहरे की पहचान के जरिए आधार का सत्यापन किया जाएगा। UAN एक्टिव होने के बाद कर्मचारी PF बैलेंस देखने, पासबुक डाउनलोड करने, क्लेम का स्टेटस जानने और KYC अपडेट करने जैसी सेवाओं का इस्तेमाल भी ऑनलाइन कर सकेंगे।
नई दिल्ली (ए)। एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुविधाओं का विस्तार किया है। अब PF से जुड़े कई जरूरी कामों के लिए कर्मचारियों को दफ्तर जाने या मैनुअल वेरिफिकेशन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुताबिक, उमंग ऐप पर ‘UAN Allotment and Activation’ सुविधा के जरिए कर्मचारी सीधे नया UAN प्राप्त और एक्टिवेट कर सकते हैं। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए पहचान की पुष्टि होने के बाद प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पहली बार PF सिस्टम से जुड़ने वालों को फायदा
नई सुविधा उन कर्मचारियों के लिए खास तौर पर उपयोगी है, जिनका पहली बार EPF खाता बन रहा है। UAN जनरेट करने के लिए वैध आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और Aadhaar Face RD ऐप की जरूरत होगी।
उमंग ऐप खोलने के बाद ‘UAN Allotment and Activation’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर आधार सत्यापन के लिए सहमति देनी होगी। मोबाइल पर आए OTP से प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सिस्टम पहले यह जांच करेगा कि आधार से पहले से कोई UAN जुड़ा हुआ है या नहीं। पुराना UAN नहीं मिलने पर फेस ऑथेंटिकेशन के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। Aadhaar Face RD ऐप के जरिए चेहरे का स्कैन होने के बाद पहचान का मिलान किया जाएगा।
वेरिफिकेशन सफल होने पर नया UAN जनरेट हो जाएगा और इसकी जानकारी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी।
UAN के बाद कई सेवाएं मोबाइल पर
UAN एक्टिवेट होने के बाद कर्मचारी उमंग ऐप के जरिए PF बैलेंस और पासबुक देख सकेंगे। इसके अलावा क्लेम स्टेटस ट्रैक करने और KYC से जुड़ी जानकारी अपडेट करने जैसी सुविधाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा। इससे EPFO की सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ कागजी प्रक्रिया और कार्यालयों पर निर्भरता कम होगी।