डेनी, विशाल और अरबाश ने दागे गोल; भारत 6 अंक के साथ ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर रहा
भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम ने दो दशक का इंतजार खत्म करते हुए AFC U-20 एशियन कप के मुख्य टूर्नामेंट में जगह बना ली है। रविवार को ग्रुप-B के आखिरी क्वालिफायर में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से शिकस्त दी। हालांकि जीत के बावजूद टीम की राह उज्बेकिस्तान और सीरिया के मुकाबले पर टिकी थी। बाद में उज्बेकिस्तान ने सीरिया को भी 3-0 से हरा दिया और भारत का मुख्य टूर्नामेंट का टिकट पक्का हो गया।
ताशकंद (खेल डेस्क)। भारत के लिए बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला बेहद अहम था। टीम को क्वालिफिकेशन की उम्मीद बनाए रखने के लिए हर हाल में जीत जरूरी थी। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण रखते हुए बांग्लादेश पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
25वें मिनट में डेनी मैतेई लैशराम ने भारत का खाता खोला। भारतीय आक्रमण के दौरान डेनी के दबाव के चलते बांग्लादेशी डिफेंस से गेंद छिटकी और बॉक्स के भीतर मिले मौके को उन्होंने गोल में बदल दिया।
पहले हाफ में भारत को दूसरा गोल करने का मौका भी मिला। 34वें मिनट में डेनी ने फ्री-किक ली, लेकिन बांग्लादेश के गोलकीपर राज चौधरी ने शानदार बचाव करते हुए खतरा टाल दिया।
विशाल के एक्रोबेटिक गोल ने बढ़ाई बढ़त
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने आक्रमण जारी रखा। 60वें मिनट में विशाल यादव ने शानदार अंदाज में टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। लंबे थ्रो के बाद रिषिकांत के जरिए गेंद विशाल तक पहुंची, जिसे उन्होंने एक्रोबेटिक फिनिश के साथ गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद बांग्लादेश ने वापसी के लिए आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे ज्यादा मौके नहीं दिए।
स्थानापन्न अरबाश ने आते ही चमकाया खेल
मुख्य कोच महेश गवली ने 72वें मिनट में डेनी और विशाल को बाहर बुलाकर मोहम्मद अरबाश और प्रशान जाजो को मैदान में उतारा। सात मिनट बाद ही अरबाश ने इस फैसले को सही साबित कर दिया।
याइफारेम्बा चिंगाकहम से शुरू हुए मूव में भारतीय खिलाड़ियों ने छोटे-छोटे पास के जरिए बांग्लादेशी डिफेंस को छकाया। इसके बाद अरबाश ने बाएं पैर से करारा शॉट लगाकर गेंद को गोल के ऊपरी हिस्से में पहुंचा दिया। भारत ने 3-0 की बढ़त बना ली और अंत तक इसे कायम रखा।
उज्बेकिस्तान की जीत से तय हुआ क्वालिफिकेशन
भारत की जीत के बाद निगाहें उज्बेकिस्तान और सीरिया के मुकाबले पर थीं। उज्बेकिस्तान ने सीरिया को 3-0 से हराकर भारत की राह आसान कर दी। इसके साथ उज्बेकिस्तान 9 अंक लेकर ग्रुप में शीर्ष पर रहा, जबकि भारत 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
भारत ने सात सर्वश्रेष्ठ उपविजेता टीमों में जगह बनाकर मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया। टीम ने आखिरी बार 2006 में AFC U-20 एशियन कप के मुख्य चरण में हिस्सा लिया था।