अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम चर्चा में; राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS के लिए 5 पद रिक्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों के IAS बनने का रास्ता जल्द साफ हो सकता है। IAS अवार्ड के लिए अधिकारियों के नामों पर विचार करने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में अधिकारियों की पात्रता, सेवा रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित मानकों की समीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
DPC की बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सचिव मुकेश बंसल शामिल होंगे। समिति की अध्यक्षता संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार करेंगे।
तीन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा
IAS अवार्ड के लिए अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस साल राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS कैडर में पदोन्नति के लिए पांच पद उपलब्ध हैं। हालांकि, दो अधिकारियों से जुड़े मामलों के चलते उनके नाम इस बार आगे नहीं बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में बाकी तीन अधिकारियों के नाम पर सहमति बनने की उम्मीद है।
2013 बैच के अफसरों की पदोन्नति प्रक्रिया
इससे पहले 2013 बैच के 29 अधिकारियों में से तीन अधिकारियों को पिछले साल IAS अवार्ड दिया गया था। इनमें सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिया शामिल थे। अब इसी बैच के अन्य पात्र अधिकारियों को IAS कैडर में पदोन्नत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
केंद्र की मंजूरी के बाद मिलेगा IAS कैडर
DPC अधिकारियों के सेवा संबंधी दस्तावेजों और पात्रता का परीक्षण करेगी। समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित नामों पर केंद्र स्तर से औपचारिक आदेश जारी किया जाएगा। इसके बाद संबंधित अधिकारी IAS कैडर में शामिल हो सकेंगे।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए IAS अवार्ड को करियर की बड़ी उपलब्धि माना जाता है। इसलिए दिल्ली में होने वाली DPC बैठक को लेकर प्रशासनिक महकमे में खास नजर बनी हुई है।