यूपी के लो-प्रेशर सिस्टम से फिर सक्रिय होगा मानसून; अगले 2 दिन कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें, बिजली गिरने की आशंका
रायपुर। प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, उत्तर प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया के असर से मानसून के फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। मंगलवार को भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। फिलहाल किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
दो दिन फिर बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में नमी का असर बढ़ सकता है। इसके चलते अगले दो दिनों में कई स्थानों पर बारिश का दौर देखने को मिलेगा। कुछ जगह गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।
पेंड्रारोड सबसे ठंडा
तापमान के लिहाज से राजनांदगांव में 33 डिग्री के साथ दिन सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में मानसून सीजन की कुल बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बनी हुई है।