अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बिगड़ सकता है मौसम, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रायपुर में मौसम साफ रहने का अनु
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अगले तीन दिनों तक बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ से लेकर सरगुजा संभाग तक कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सीमित रहने का अनुमान है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी हिस्से के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। प्रदेश के 12 जिलों के कुछ इलाकों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर सहित 12 जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम प्रभावित हो सकता है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अगले तीन दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
रायपुर में तापमान 33 डिग्री के आसपास
राजधानी रायपुर में 19 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हुई, लेकिन कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं की गई। आगामी दिनों में भी वर्षा की गतिविधियां सीमित क्षेत्रों तक रहने की संभावना है।
बिजली गिरने के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गरज-चमक शुरू होने पर खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेना बेहतर होगा। तेज हवाओं के दौरान कमजोर ढांचों और बिजली के खंभों से भी दूरी बनाए रखनी चाहिए।