माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर होगा विमोचन; शाम को इंडोर स्टेडियम में ‘सेवा सम्मान पर्व’ में शिरकत, कल जगदलपुर में मुरिया दरबार
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंच गई हैं। राजधानी में वे लोकभवन में आयोजित समारोह में माता हासी देवी के सम्मान में ₹200 का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
शदाणी दरबार की पीठाधीश की 200वीं जयंती पर सिक्का
शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर यह स्मारक सिक्का जारी किया जा रहा है। समारोह में शामिल होने के लिए सिंधी समाज के लोग बड़ी संख्या में लोकभवन पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री और नेता भी कार्यक्रम में उपस्थित हैं। लोकभवन के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री साय, मंत्रियों, सांसदों और कई जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति की अगवानी की।
23 अक्टूबर को बस्तर में मुरिया दरबार
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राष्ट्रपति आज सिक्का जारी करने के बाद ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार में सम्मिलित होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।