– सुपेला चौक के पास डिवाइडर से भिड़ा मालवाहक, हादसे में टायर भी फटा
– रायपुर से महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक, चालक की लापरवाही से बिगड़ा संतुलन
– बाल-बाल बचे राहगीर, दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगा वाहनों का रेला
भिलाई। सुपेला चौक के समीप फ्लाइओवर पर चालक की एक पल की झपकी ने बड़े हादसे का खतरा पैदा कर दिया। लोहे के तारों से लदा तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का टायर भी फट गया। घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी राहगीर या दूसरे वाहन के ट्रक की चपेट में नहीं आने से बड़ा नुकसान टल गया।
बताया गया कि ट्रक रायपुर से लोहे के तारों का बंडल लेकर महाराष्ट्र जा रहा था। सुपेला फ्लाइओवर से उतरते वक्त चालक को नींद की झपकी आ गई। अचानक नियंत्रण बिगड़ने पर उसने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। भारी माल से लदे ट्रक के सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
हादसे के बाद फ्लाइओवर के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। ऑफिस और अन्य कामों से आवाजाही कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित करने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद सड़क का एक हिस्सा वाहनों के लिए खोला गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य करने की कोशिश की गई।