– जिला खाद्य नियंत्रक कार्यालय ने 2 नवंबर को जारी किया निर्देश
– 3 नवंबर को शाम 4 से 7 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहने की जिम्मेदारी
– राशन दुकानों के अध्यक्षों और संचालकों को क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षकों के सामने उपस्थिति देने को कहा
रायपुर। राज्योत्सव के समापन समारोह की तैयारियों के बीच रायपुर जिला खाद्य विभाग का एक आदेश सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में इसकी चर्चा हो रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचने के बीच विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उचित मूल्य दुकानों से जुड़े लोगों को भी निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला खाद्य नियंत्रक की ओर से 2 नवंबर को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी 3 नवंबर को शाम 4 से 7 बजे तक राज्योत्सव के शासकीय आयोजन में मौजूद रहेंगे। उन्हें आपसी तालमेल के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियां पूरी करने और आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं में सहयोग करने को कहा गया है।
इस निर्देश का दायरा केवल विभागीय कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखा गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत संचालित राशन दुकानों के अध्यक्ष, संचालक और विक्रेताओं को भी अपने क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक के समक्ष निर्धारित समय पर उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
आदेश सामने आने के बाद राशन दुकान संचालकों और विभागीय कर्मचारियों के बीच इसकी चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि राज्योत्सव के शासकीय कार्यक्रम में उपस्थिति के लिए विभागीय अमले के साथ उचित मूल्य दुकानों से जुड़े लोगों को भी निर्देशित किया गया है।