रायपुर के जोन-8 में दोनों दलों के पार्षदों ने एकजुट होकर किया प्रदर्शन, कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकाला; लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग
रायपुर। नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण नहीं होने से नाराज भाजपा और कांग्रेस के पार्षद शुक्रवार को एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। दोनों दलों के पार्षदों ने जोन-8 कार्यालय पहुंचकर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित पार्षदों ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद कर्मचारियों को बाहर निकलवाकर कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षद एक मंच पर नजर आए। जोन अध्यक्ष ने भी पार्षदों के साथ धरने में हिस्सा लिया। उनका आरोप था कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन नगर निगम प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कई जरूरी कार्य लंबे समय से लंबित हैं। बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लंबित काम पूरे करने की मांग पर अड़े पार्षद
पार्षदों ने कहा कि वार्डों में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की समस्याओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्याएं उठाने के बाद भी उनका समाधान नहीं होना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की बुनियादी जरूरतों और अधिकारों की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। पार्षदों ने क्षेत्र के सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग की।