24 कैरेट सोना 1.41 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, चांदी का भाव 1.81 लाख रुपए किलो हुआ; इस साल चांदी में 49 हजार रुपए की गिरावट
नई दिल्ली। दीपावली के प्रमुख पर्व धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। कीमती धातुओं के बाजार में शुक्रवार को दोनों के भाव में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर 3,106 रुपए घटकर करीब 1.41 लाख रुपए रह गई। वहीं, चांदी का भाव प्रति किलोग्राम 5,437 रुपए गिरकर लगभग 1.81 लाख रुपए पर आ गया। इससे एक दिन पहले सोना करीब 1.44 लाख और चांदी 1.87 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी।
कीमतों में आई इस गिरावट से त्योहार पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बाजार में सोने और चांदी के भाव में इस साल लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। खास बात यह है कि साल की शुरुआत से अब तक सोने की कीमत में बढ़ोतरी हुई है, जबकि चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
सालभर में सोना महंगा, चांदी में बड़ी गिरावट
आंकड़ों के मुताबिक 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.41 लाख रुपए के आसपास पहुंच गई है। इस तरह सोना सालभर में करीब 8 हजार रुपए महंगा हुआ है। इसके उलट चांदी का भाव 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था, जो अब घटकर 1.81 लाख रुपए रह गया है। यानी चांदी की कीमत में करीब 49 हजार रुपए की कमी आई है।
इस साल कीमती धातुओं ने ऊंचे स्तर भी छुए। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद से बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है।
शहरों के हिसाब से क्यों बदलते हैं सोने के भाव
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत एक जैसी नहीं होती। इसके पीछे परिवहन और सुरक्षा पर होने वाला खर्च, स्थानीय मांग और आपूर्ति, ज्वेलरी एसोसिएशन की दरें तथा कारोबारियों के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत जैसे कारण प्रमुख हैं। दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां के कारोबार का स्वरूप भी अलग रहता है। स्थानीय बाजार की परिस्थितियों के अनुसार ज्वेलर्स अपने बिक्री मूल्य निर्धारित करते हैं।