अवैध हथियार रखने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, जुआ खेलते 36 लोग पकड़े गए; 1.26 लाख रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त
रायपुर। शहर में अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर 200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने, जुआ खेलने और आबकारी नियमों के उल्लंघन सहित विभिन्न मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की। गुढ़ियारी क्षेत्र में एक आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि जुआ खेलते पकड़े गए 36 लोगों से 1 लाख 26 हजार 100 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं।
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज किए गए। इनमें तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाते हुए आबकारी एक्ट के आठ प्रकरणों में आठ लोगों को कार्रवाई के दायरे में लिया। वहीं धारा 36(सी) के तहत चार मामलों में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई
क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत 70 प्रकरणों में 71 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी तरह धारा 126/135(3) के तहत 78 मामलों में 85 लोगों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
अभियान के दौरान अलग-अलग थानों में लंबित वारंटों की तामिली पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने कुल 35 वारंट तामील कराए। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।