लाखेनगर चौक पर 11 नवंबर की रात हुआ विवाद, अस्पताल में उपचार के दौरान 25 वर्षीय मोहम्मद यूनुस ने तोड़ा दम; 41 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र के लाखेनगर चौक पर दो युवकों के बीच हुई कहासुनी के दौरान एक युवक ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी मोहम्मद यूनुस (25) के रूप में हुई है। वहीं, हत्या के आरोप में गिरफ्तार शेख नाजिर (41) भी इसी इलाके का रहने वाला है। दोनों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चल रही थी।
घटना 11 नवंबर की रात की है। लाखेनगर चौक पर दोनों आमने-सामने आए, जहां पुरानी बातों को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और शेख नाजिर ने यूनुस के सीने पर लोहे के धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
घटना के बाद घायल यूनुस को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान शेख नाजिर की पहचान होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।