यूपी के 10 शहर कोहरे की चपेट में, राजस्थान में बारिश के आसार; हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल जिले के कल्याणपुर में पारा गिरकर 9.9 डिग्री पर पहुंच गया। राज्य के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया है। भोपाल और जबलपुर में ठंड का असर पचमढ़ी से भी अधिक महसूस किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरे ने जनजीवन और हवाई यातायात को प्रभावित किया। राजधानी लखनऊ समेत 10 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सुबह 6 बजे यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 278 दर्ज किया गया। कम दृश्यता के चलते नोएडा एयरपोर्ट से पांच उड़ानों ने देरी से उड़ान भरी।
राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग में बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
इधर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 एवं 13 नवंबर को मौसम बदलने का अनुमान है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मेघालय की राजधानी शिलांग में बुधवार को जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई।